बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. संगरेश्वर पुल के पास नदी पार करते समय एक नाव अचानक असंतुलित होकर बीच धारा में पलट गई. नाव पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. नाव में सवार 11 लोगों में से 9 लोगों ने तैरकर या स्थानीय लोगों की मदद से अपनी जान बचा ली, लेकिन दो मासूम बच्चे अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
असंतुलित होकर गहरे पानी में डूबी नाव
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ग्रामीण नाव के जरिए नदी पार कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाव जैसे ही नदी के बीचों-बीच पहुंची, अचानक वह डगमगाने लगी और पलक झपकते ही गहरे पानी में समा गई. नाव में सवार लोग पानी में डूबने लगे और जान बचाने के लिए संघर्ष करने लगे. पास ही मौजूद ग्रामीणों और नाव में सवार कुछ तैराकों ने बहादुरी दिखाते हुए 9 लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया.
दो मासूमों की तलाश में सर्च ऑपरेशन
हादसे में लापता हुए दो बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि वे पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर काफी दूर बह गए होंगे. घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी डीएसपी बाबूलाल रेगर और अरथूना थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची. प्रशासन ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों और सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया, जो नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.
मौके पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
हादसे की खबर जैसे-जैसे आसपास के गांवों में फैली, संगरेश्वर पुल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया. लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहकर स्थिति को संभाल रही हैं. गोताखोर नावों और जाल की मदद से नदी के हर संभावित कोने की तलाशी ले रहे हैं, ताकि बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढा जा सके.
फिलहाल, बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, लेकिन नदी की गहराई और बहाव रेस्क्यू टीम के लिए चुनौती बना हुआ है.

