बांसवाड़ा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के आकलेश्वर गांव में सोमवार को एक शराबी युवक की जानलेवा हरकत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. युवक नशे में धुत होकर 33 KV की हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गया. करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद प्रशासन और स्थानीय नेताओं की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
हाईटेंशन पोल के शिखर पर जा बैठा युवक
जानकारी के अनुसार, आकलेश्वर निवासी गौतम पिता रकमा शराब के नशे में अपना आपा खो बैठा और अचानक हाईटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ना शुरू कर दिया. देखते ही देखते वह पोल के बिल्कुल शिखर पर तारों के बेहद करीब जा बैठा. युवक को मौत के इतने करीब देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए और मौके पर सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व लोकसभा सांसद प्रत्याशी अरविंद सीता डामोर तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले बिजली विभाग को फोन कर क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद करवाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. अरविंद डामोर ने स्वयं पोल के नीचे खड़े होकर युवक से बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया. कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका.
पुलिस की सख्त कार्रवाई: 11 दिन की जेल
कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँच गई थी. युवक की इस हरकत से न केवल उसकी जान को खतरा था, बल्कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भी भंग हुई. पुलिस ने युवक गौतम को हिरासत में लेकर उपखंड मजिस्ट्रेट (SDM) के समक्ष पेश किया. कोर्ट ने युवक की इस लापरवाही और हुड़दंग को देखते हुए उसे 11 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेजने के आदेश दिए हैं.
बड़ी दुर्घटना टली, वीडियो वायरल
गनीमत रही कि समय रहते बिजली काट दी गई, अन्यथा तारों के संपर्क में आते ही युवक की मौके पर ही मौत हो सकती थी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

