Headlines

उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: ईमेल मिलते ही खाली कराया गया परिसर, ATS और डॉग स्क्वॉड की सर्च जारी

उदयपुर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट को बम से उड़ाने की एक धमकी भरी सूचना मिली. इस खबर के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को आनन-फानन में खाली करवा दिया गया. फिलहाल चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है और सघन तलाशी अभियान जारी है.

वकीलों के काम शुरू करने से पहले मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुबह की कोर्ट (मॉर्निंग कोर्ट) होने की वजह से वकील और पक्षकार करीब 8:00 बजे से ही परिसर में पहुँचना शुरू हो गए थे. सुबह करीब 8:30 बजे जैसे ही पुलिस और प्रशासन को धमकी की सूचना मिली, तुरंत एक्शन लिया गया. वकीलों के अपना काम शुरू करने से पहले ही सभी को बाहर निकलने के निर्देश दिए गए. देखते ही देखते कोर्ट के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और सुरक्षा का कड़ा घेरा बना दिया गया.

ईमेल के जरिए मिली धमकी, तकनीकी जांच शुरू

सूत्रों के मुताबिक, बम से उड़ाने की यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी. मेल मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी और साइबर सेल सक्रिय हो गई है. पुलिस तकनीकी आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल कहाँ से जनरेट हुआ है और इसे भेजने वाले का असली मकसद क्या है. मौके पर जिला पुलिस के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड, एटीएस (ATS) और बम निरोधक दस्ता तैनात है, जो कोर्ट के हर कमरे और गलियारे को बारीकी से खंगाल रहा है.

कोर्ट चौराहे पर लगा जमावड़ा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अचानक हुई इस कार्रवाई और सुरक्षा कारणों से कोर्ट खाली होने के बाद बाहर भारी भीड़ जमा हो गई. कोर्ट चौराहे पर वकीलों और आम लोगों का बड़ा जमावड़ा लग गया, जिससे क्षेत्र के यातायात पर भी असर पड़ा है. पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों से शांति बनाए रखने और संयम बरतने की अपील कर रहे हैं. फिलहाल सर्च ऑपरेशन काफी तेजी से चल रहा है और अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *