उदयपुर जिले के ऋषभदेव कस्बे में शनिवार शाम एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. रास्ते से बाइक हटाने की बात कहने पर भड़के सात युवकों ने एक बुजुर्ग व्यापारी और उनके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपियों ने दुकान में घुसकर हथौड़ों और पत्थरों से मारपीट की, जिसका खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
दुकान तक पीछा कर किया हमला
घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की है. पीड़ित विजय पंचाल (28) ने पुलिस को बताया कि उनके पिता कन्हैयालाल पंचाल (58) स्कूटी से बाजार जा रहे थे. रास्ते में कुछ युवकों ने बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर रखी थी. जब कन्हैयालाल ने उन्हें बाइक साइड में करने को कहा, तो युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. विवाद बढ़ता देख कन्हैयालाल अपनी दुकान ‘श्री केसरियाजी वेल्डिंग वर्कशॉप’ लौट आए, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए वहां तक पहुँच गए.
CCTV में कैद हुई दरिंदगी.

रविवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी 3-4 बाइकों पर सवार होकर दुकान पर पहुँचे. उन्होंने दुकान में घुसते ही बुजुर्ग व्यापारी पर हमला बोल दिया. जब बेटा विजय अपने पिता को बचाने आया, तो आरोपियों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा. हमलावरों ने वहां रखे हथौड़ों और पत्थरों का इस्तेमाल किया. पीड़ित का आरोप है कि एक युवक ने उसे बाइक से कुचलने का प्रयास भी किया. हमले के बाद दोनों पिता-पुत्र लहूलुहान हो गए.
पुलिस ने गिरफ्तार कर निकाली परेड

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करने के लिए रविवार शाम को पुलिस ने कस्बे में उनकी परेड निकाली और उन्हें घटनास्थल तक ले जाया गया.
इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा को लेकर रोष था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की परेड निकालने के कदम की सराहना की जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य फरार संदिग्धों और विवाद के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

