डूंगरपुर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई. कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकते हुए आगामी पंचायतीराज चुनावों के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य और मजबूत बनाने का आह्वान किया.
योग और व्यायाम सत्र से हुई दूसरे दिन की शुरुआत
भाजपा मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन की शुरुआत सुबह योग एवं व्यायाम सत्र से हुई. योग प्रशिक्षक धनंजय ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न योगासन व प्राणायाम का अभ्यास कराया. कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने भी आम कार्यकर्ताओं के साथ चटाई पर बैठकर योग किया. मंत्री खराड़ी ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि यह राजनीतिक और सामाजिक जीवन में मानसिक एकाग्रता, अनुशासन व सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है.
बौद्धिक सत्रों में दिग्गजों ने साझा किए विचार
कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल ने की. इस दौरान संगठन की मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईडा ने ‘कार्य विस्तार’ विषय पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है.
वहीं, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की भजनलाल सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला. पूर्व राज्यमंत्री सुशील कटारा ने बल देते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व है.
पंचायतीराज चुनाव में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान
जिला संगठन प्रभारी जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित ने ‘विचार परिवार और संगठनात्मक कार्यप्रणाली’ पर विस्तार से चर्चा की. अंत में मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कार्यकर्ताओं को वेशभूषा के बजाय चरित्र निर्माण पर ध्यान देने की बात कही और पंचायतीराज चुनाव में संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण में जुटने का संकल्प दिलाया.
इस अवसर पर पूर्व सांसद कनकमल कटारा, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री सहित विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भारी संख्या में मौजूद रहे.

