Headlines

डूंगरपुर: ‘ग्रीन महाअभियान’: 28 लाख से अधिक पौधों से सजेगी वागड़ की धरा, हर ब्लॉक में दिखेगा नया बदलाव

डूंगरपुर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए जिले में इस बार ‘हरियालों राजस्थान अभियान’ के तहत एक विशाल पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा. जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष जिले में 28 लाख 78 हजार 259 पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है. अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कलेक्टर देशल दान की अनूठी पहल पर इस बार जिले के प्रत्येक ब्लॉक में ‘मॉडल पौधारोपण विकास केंद्र’ भी स्थापित किए जाएंगे.

सभी विभागों को आवंटित हुआ लक्ष्य, वन विभाग की 20 नर्सरियों में पौधे तैयार

जिला कलेक्टर देशल दान ने बताया कि राज्य सरकार से मिले निर्देशों के बाद डूंगरपुर जिले के सभी सरकारी विभागों को पौधारोपण के अलग-अलग लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं. इस बड़े लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए वन विभाग की 20 स्थानीय नर्सरियों में बड़े पैमाने पर पौधे तैयार किए जा चुके हैं.

इस अभियान में शिक्षा विभाग और ग्रामीण विकास विभाग जैसे बड़े महकमों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है. सुरक्षा के लिहाज से इस बार उन कार्यालयों, स्कूलों और सरकारी भवनों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनके पास सुरक्षित और फेंसिंग (कटीले तारों) से घिरी हुई भूमि उपलब्ध है, ताकि पौधों को मवेशियों से बचाया जा सके. अभियान के तहत क्षेत्र की जलवायु के अनुकूल स्थानीय और छायादार प्रजातियों के पौधों को रोपने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

नवाचार: 5 से 10 बीघा में बनेंगे मॉडल केंद्र, ड्रिप सिस्टम से होगी सिंचाई

इस वर्ष अभियान में एक बड़ा नवाचार देखने को मिलेगा. जिले के प्रत्येक ब्लॉक में 5 से 10 बीघा भूमि पर ‘मॉडल पौधारोपण विकास केंद्र’ विकसित किए जाएंगे.

  • मुख्य उद्देश्य: इन केंद्रों पर छायादार वृक्षों के साथ-साथ मुख्य रूप से फलदार पौधे लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य स्थानीय किसानों और स्वयं सहायता समूहों को फलदार खेती के लिए प्रेरित करना है, जिससे भविष्य में उनकी आय में वृद्धि हो सके.
  • हाईटेक सिंचाई: इन मॉडल केंद्रों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहाँ पानी की बचत और पौधों के बेहतर विकास के लिए सोलर आधारित ड्रिप इरिगेशन सिस्टम (बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति) का उपयोग किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *