प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ग्रामीण और गरीब लोगों को कर्ज के जाल में फंसाकर उनका आर्थिक व मानसिक शोषण करने वाले ब्याज माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम दिया है. धोलापानी थाना पुलिस ने एक मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिलें, कृषि यंत्र, अवैध दस्तावेज और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है.
अवैध रूप से गिरवी रखता था ग्रामीणों का सामान
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ बी. आदित्य के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा तथा पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त छोटीसादड़ी) रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी पूराराम के नेतृत्व वाली टीम द्वारा की गई.
पुलिस को 9 जून 2026 को गोपनीय सूचना मिली थी कि गांव सिंघोडिया फला ईंटो का तालाब निवासी नारायण लाल मीणा बिना किसी वैधानिक लाइसेंस के ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देता है. इसके बदले वह उनके कीमती आभूषण, वाहन और खेती के उपकरण जबरन गिरवी रख लेता था. इतना ही नहीं, वह लोगों से खाली चेक, इकरारनामा और स्टाम्प पेपर पर भी हस्ताक्षर करवाकर उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा था.
तलाशी में मिला कुबेर का खजाना, यह सब हुआ जब्त:
सूचना की पुष्टि के बाद जब पुलिस टीम ने आरोपी के मकान पर छापा मारा, तो वहां भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया:
- आभूषण: 9 किलो 265 ग्राम चांदी और 25 ग्राम सोने के जेवर.
- वाहन: 5 ट्रैक्टर, 8 मोटरसाइकिल और 1 टीवीएस लूना.
- कृषि उपकरण: 3 सीड ड्रिल मशीन, 1 मूंगफली निकालने की मशीन, 2 पलटी प्लो, 1 प्रेशर मशीन और 1 पानी का टैंकर.
- दस्तावेज व नकदी: 20 हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर (100 और 500 रुपये के), 6 प्रॉमिसरी नोट, विभिन्न बैंकों के 6 खाली चेक, 8 बहीखाते और 6 लाख 7 हजार 350 रुपये नकद.
कोर्ट केस की धमकी देकर बनाता था दबाव
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी समय पर पैसा नहीं चुका पाने वाले ग्रामीणों के खाली चेकों में खुद मनमर्जी की राशि और तारीख भरकर कोर्ट में केस करने की धमकी देता था और उन पर दबाव बनाता था.
प्रतापगढ़ पुलिस का कड़ा संदेश: “ब्याज माफियाओं के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा. ग्रामीण अंचल के सीधे-साधे और गरीब लोगों को शिकार बनाकर अवैध वसूली करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे अपराधियों के खिलाफ विधि सम्मत धाराओं में सख्त मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.”

