Headlines

प्रतापगढ़: कार-स्कूटी टक्कर के बाद चालक की बेरहमी से पिटाई, सर्व समाज ने SP ऑफिस घेरा; 3 घंटे में गिरफ्तारी न होने पर ‘प्रतापगढ़ बंद’ की चेतावनी

प्रतापगढ़ में बीती रात कार और स्कूटी की टक्कर के बाद कार चालक के साथ हुई बेरहमी से मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज ग्वाला समाज और सर्व समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में एकत्रित हुए आक्रोशित लोगों ने एसपी बी आदित्य को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि 3 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो चक्का जाम कर ‘प्रतापगढ़ बंद’ का ऐलान किया जाएगा.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, यह घटना बीती रात शहर के वॉटर वर्क्स रोड पर घटित हुई. स्थानीय निवासी हर्षवर्धन ग्वाला अपनी कार से दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक स्कूटी पर सवार चार युवकों की कार से टक्कर हो गई, जिससे स्कूटी सवार घायल हो गए.

40-50 बदमाशों ने किया हमला, गाड़ी फूंकने का प्रयास

कार चालक हर्षवर्धन ने इंसानियत दिखाते हुए घायल युवकों को अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन स्कूटी सवार युवक उनसे उलझ गए. युवकों ने फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. देखते ही देखते वहां 40 से 50 बदमाश लाठी-डंडों और हथियारों के साथ इकट्ठा हो गए.

बदमाशों ने हर्षवर्धन पर लात-घूसों से हमला कर दिया और उसे पीटते हुए हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान की तरफ ले गए. इस दौरान उपद्रवियों ने हर्षवर्धन की कार में जमकर तोड़फोड़ की और उसे आग लगाने की भी कोशिश की. ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने हिंदू समाज के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया.

पुलिस को दी आंदोलन की चेतावनी

हमले में गंभीर रूप से घायल हर्षवर्धन बेहोश हो गया, जिसका सुबह मेडिकल करवाया गया है. घटना के बाद हर्षवर्धन के भाई अनिल ग्वाला ने देर रात ही कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. आज सर्व समाज ने एसपी को ज्ञापन देकर साफ कर दिया है कि अगर पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *