Headlines

डूंगरपुर: ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत बड़ी सफलता, 23 साल से फरार इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

डूंगरपुर जिले में अपराधियों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने पिछले 23 सालों से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर विजयपाल डामोर को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर हत्या, अपहरण और चोरी जैसे करीब 8 संगीन मामले दर्ज हैं.

भेष बदलकर पुलिस ने की छापेमारी

कुआं थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरोदा थाने का घोषित हिस्ट्रीशीटर विजयपाल, जो मूल रूप से गड़ा झूमजी का निवासी है, गुजरात के अहमदाबाद स्थित बोयल क्षेत्र में छिपा हुआ है.

सूचना की पुष्टि होने पर साइबर सेल की तकनीकी मदद ली गई. आरोपी बेहद शातिर था, इसलिए उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने अपनी पहचान छिपाते हुए ग्रामीणों की वेशभूषा धारण की. पुलिस ने जब दबिश दी, तो आरोपी सो रहा था. टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया.

दो दशकों से पुलिस को दे रहा था चकमा

विजयपाल डामोर साल 2002 से ही फरार चल रहा था. गिरफ्तारी के डर से वह पिछले 23 सालों से गुजरात के अलग-अलग शहरों में ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था. आरोपी के खिलाफ सागवाड़ा और अन्य थानों में हत्या, जानलेवा हमला, अपहरण, चोरी और धोखाधड़ी जैसे 8 गंभीर मामले दर्ज हैं.

चार स्थायी वारंट थे लंबित

पुलिस के अनुसार, न्यायालय ने विजयपाल के खिलाफ चार स्थायी वारंट जारी कर रखे थे, जिनमें एक मामला हत्या और तीन चोरी से संबंधित थे. वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था. इस गिरफ्तारी को डूंगरपुर पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *