Headlines

उदयपुर: गोगुंदा नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, डंपर ने बाइक सवार को रौंदा; हालत गंभीर

उदयपुर जिले का गोगुंदा नेशनल हाईवे एक बार फिर रक्त रंजित हो गया है. सोमवार दोपहर भीलों का बेदला स्थित पैसिफिक हॉस्पिटल के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि बाइक डंपर के नीचे बुरी तरह फंस गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

मौके पर मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे वह लहूलुहान हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई. हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

क्रेन की मदद से निकाली गई बाइक

हादसे की जानकारी मिलते ही सुखेर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. डंपर के नीचे फंसी बाइक को निकालने के लिए पुलिस को क्रेन बुलानी पड़ी. काफी मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकाला गया और डंपर को जब्त कर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया.

तेज रफ्तार बन रही काल

गोगुंदा हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसों से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है. लोगों का आरोप है कि भारी वाहनों के चालक निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते हैं, जिसके कारण पैसिफिक हॉस्पिटल और भीलों का बेदला क्षेत्र डेंजर जोन बनता जा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर या सख्त ट्रैफिक निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लग सके.

फिलहाल, सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *