Headlines

प्रतापगढ़: मामूली विवाद में 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने फले में की आगजनी

प्रतापगढ़ जिले के पारसोला कस्बे के समीप जडोली पंचायत के पाटला बावड़ी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नोतरे (निमंत्रण) से लौट रहे 18 वर्षीय युवक नाथूलाल मीणा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस जघन्य हत्याकांड के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के फले में पहुंचकर आगजनी कर दी.

मामूली कहासुनी ने लिया खूनी रूप

जानकारी के अनुसार, मृतक नाथूलाल मीणा (18) निवासी मंडी फला, टामटिया फला में आयोजित एक नोतरे कार्यक्रम में गया था. वहां उसकी विनोद नामक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि विनोद अपने साथियों मुकेश, कैलाश, मानो और बेणीराम के साथ हथियारों से लैस होकर पहुंच गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने प्रभुलाल मीणा की दुकान के पास नाथूलाल को घेर लिया. इसी दौरान मुकेश ने नाथूलाल की पसलियों में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया. चाकू लगते ही नाथूलाल लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा. परिजन उसे तुरंत धरियावद अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए. गुस्साए लोगों ने केवत फला में आरोपियों के घरों के पास रखे घास-फूस और बाड़ों में आग लगा दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही एसपी बी. आदित्य, डीएसपी नानालाल सालवी सहित भारी पुलिस जाब्ता और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची.

जांच में जुटी पुलिस

मृतक नाथूलाल ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी। उसकी मौत से परिवार का इकलौता सहारा छिन गया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *