डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीलवा-पंचेला फला डगरा गांव में एक युवक द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. शादी की खुशियों के बीच घर लौटे परिजनों के सामने जब युवक का शव फंदे से लटका मिला, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान गोविंद कलासुआ के रूप में हुई है.
शादी से अकेला लौटा था घर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंद मंगलवार को अपने पूरे परिवार के साथ ओबरी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. वहां सब कुछ सामान्य था, लेकिन सुबह करीब 11 बजे गोविंद अचानक किसी को बिना कुछ बताए अकेले ही घर वापस लौट आया. दोपहर के समय उसकी पत्नी निर्मला और पुत्र बंसीलाल भी गांव के पास ही स्थित कुबेला मंडप में किसी काम से चले गए थे, उस वक्त गोविंद घर पर अकेला था.
शाम को घर पहुंचते ही खुली दर्दनाक सच्चाई
शाम करीब 5 बजे जब पत्नी और बेटा वापस घर पहुंचे, तो कमरे का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. गोविंद कमरे के अंदर रस्सी के फंदे से लटका हुआ था. परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत चौरासी थाना पुलिस को दी.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया गया है.
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है. मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर गोविंद ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया.

