Headlines

डूंगरपुर: IG गौरव श्रीवास्तव का डूंगरपुर दौरा, पुरानी बस स्टैंड स्थित नई यातायात शाखा का किया शुभारंभ

डूंगरपुर उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक (IG) गौरव श्रीवास्तव शुक्रवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहे. इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे नवाचारों की सराहना की और शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित रिनोवेट की गई यातायात शाखा का विधिवत उद्घाटन किया.

शानदार स्वागत और कार्यालय का निरीक्षण

जिले में पहुंचने पर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला ने आईजी गौरव श्रीवास्तव की अगवानी की और उनका स्वागत किया. इसके पश्चात आईजी सीधे पुराना बस स्टैंड स्थित यातायात शाखा पहुंचे. यहाँ उन्होंने नवनिर्मित और आधुनिक सुविधाओं से लैस यातायात कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया. उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली.

सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी का अवलोकन

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु दर पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष पहल की है. इसी कड़ी में यातायात शाखा में एक विशेष सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी लगाई गई. आईजी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न मॉडल्स, चार्ट्स और जागरूकता पोस्टर्स का बारीकी से अवलोकन किया.

प्रदर्शनी में हेलमेट की महत्ता, सीट बेल्ट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन को सरल चित्रों के माध्यम से समझाया गया है. आईजी ने इस प्रयास की तारीफ करते हुए कहा कि केवल चालान काटना ही समाधान नहीं है, बल्कि आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करना सबसे महत्वपूर्ण है.

अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान यातायात शाखा के इंचार्ज भैया लाल आंजना और सीआई भूपेंद्र सिंह ने आईजी को जिले में चलाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा अभियानों’ की प्रगति से अवगत कराया. इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे. आईजी के इस दौरे और नई शाखा के शुभारंभ से जिले में यातायात प्रबंधन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *