Headlines

डूंगरपुर: “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; खेत में लहलहाती गांजे की फसल जब्त, 20 लाख का माल बरामद

डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS) के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने वरदा थाना क्षेत्र के राजगढी डोजा गांव में खेतों में की जा रही गांजे की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

मुखबिर की सूचना पर संयुक्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को जिला विशेष टीम (DST) के हेड कांस्टेबल मोहनपाल सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजगढी डोजा निवासी पूंजीलाल पुत्र रामचंद्र रोत ने अपने घर के पीछे खेतों में अवैध गांजे की फसल उगा रखी है. सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सागवाड़ा वृत्ताधिकारी रूपसिंह के नेतृत्व में DST प्रभारी मदनलाल, वरदा थानाधिकारी रिजवान और ओबरी थानाधिकारी रमेश कुमार की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की.

20 लाख से अधिक कीमत का गांजा जब्त

पुलिस टीम ने जब आरोपी पूंजीलाल के घर और खेतों की तलाशी ली, तो वहां भारी मात्रा में गांजे के पौधे लहलहाते मिले. पुलिस ने मौके से कुल 1060 छोटे-बड़े हरे पौधे बरामद किए, जिनका वजन लगभग 132.160 किलोग्राम पाया गया. इसके अतिरिक्त घर से 2.06 किलोग्राम सूखे पौधे भी बरामद हुए. कुल 1 क्विंटल 34.22 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 20 लाख 13 हजार 300 रुपये बताई जा रही है.

आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने खेत के मालिक और आरोपी पूंजीलाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह इस अवैध फसल को किन-किन लोगों को सप्लाई करता था और उसके तार किन बड़े तस्करों से जुड़े हुए हैं. इस सफल कार्रवाई के लिए जिला पुलिस अधीक्षक ने टीम के विशेष योगदान की सराहना करते हुए इनाम की घोषणा की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *