प्रतापगढ़ शहर के कृषि मंडी रोड पर मंगलवार देर रात एक फर्नीचर शोरूम में चोरी की कोशिश के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. शोरूम में हलचल होने पर जब स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, तो भागने के प्रयास में युवक दूसरी मंजिल से नीचे आ गिरा. गनीमत रही कि गिरते समय वह टीवी केबल के तारों में उलझ गया, जिससे उसकी जान बच गई. फिलहाल युवक जिला अस्पताल में उपचाराधीन है.
नशे की हालत में शोरूम में प्रवेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाटर वर्क्स रोड निवासी विक्रम राजपूत नामक युवक देर रात नशे की हालत में कृषि मंडी रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंच गया. आधी रात के समय शोरूम की छत पर किसी अजनबी की मौजूदगी और संदिग्ध हलचल देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया.
भागने की हड़बड़ाहट में हुआ हादसा
पकड़े जाने के डर से विक्रम ने पास की छत पर कूदकर भागने की कोशिश की. लेकिन इसी आपाधापी में उसका पैर वहां से गुजर रही टीवी केबल के तारों में फंस गया. संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे नीचे कंक्रीट की सड़क पर आ गिरा. स्थानीय लोगों का कहना है कि केबल के तारों ने उसकी गिरने की गति को थोड़ा कम कर दिया, वरना ऊंचाई अधिक होने के कारण जानलेवा चोट लग सकती थी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. उप निरीक्षक प्रेमलाल ने जाप्ते के साथ घटनास्थल का मुआयना किया और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया. सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं, जहाँ मेडिकल वार्ड में उसका इलाज जारी है.
जांच में जुटी कोतवाली पुलिस
स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक चोरी की नीयत से शोरूम में दाखिल हुआ था. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और युवक के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. खबर लिखे जाने तक मामले में कोई अधिकारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

