प्रतापगढ़ जिले के पारसोला कस्बे में नाबालिग बालिका के साथ हुई अश्लील हरकत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. घटना के कड़े विरोध में सकल हिंदू समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय पहुंचकर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) को मुख्यमंत्री और प्रदेश के राजस्व मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी के अवैध अतिक्रमण को तुरंत ध्वस्त करने तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है.

दुकान में अकेली नाबालिग से की थी अश्लील हरकत
सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, करीब पांच दिन पूर्व पारसोला कस्बे में अपनी दुकान पर अकेली बैठी एक नाबालिग बालिका के साथ कस्बे के ही एक व्यक्ति ने अश्लील हरकत कर उसकी अस्मिता से खिलवाड़ करने का प्रयास किया था. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था. हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
चारभुजा मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप
प्रदर्शन के दौरान हिंदू समाज के प्रतिनिधि चंद्रशेखर वैष्णव ने मीडिया को बताया कि आरोपी ने चारभुजा मंदिर की बेशकीमती भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है. उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में पूर्व में भी धरियावद तहसीलदार को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को बढ़ावा देने वाले असामाजिक तत्वों पर भी नकेल कसने की मांग की.
7 दिन का अल्टीमेटम, पुलिस बल रहा तैनात
सकल हिंदू समाज ने चेतावनी दी है कि यदि अगले सात दिनों के भीतर प्रशासन ने आरोपी के कथित अतिक्रमण पर बुलडोजर नहीं चलाया और पीड़ित परिवार को पुख्ता सुरक्षा नहीं दी, तो पूरे जिले में व्यापक आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान किसी भी अनहोनी से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिनी सचिवालय परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा.

