प्रतापगढ़ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा. अरनोद रोड पर नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय का सोमवार को भव्य समारोह के साथ लोकार्पण किया गया. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने टोंक से वर्चुअल माध्यम से इस नए भवन का उद्घाटन किया. स्थानीय स्तर पर निंबाहेड़ा विधायक व पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी और भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया गया.
यज्ञ-हवन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह धार्मिक रीति-रिवाज के साथ हुआ. नवनिर्मित भवन में सुख-समृद्धि की कामना के साथ यज्ञ और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा और जनसंघ के संस्थापक सदस्यों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया.
संगठन को मिलेगी नई मजबूती
जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने बताया कि यह कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है. भवन में आगंतुकों के लिए आवास की व्यवस्था की गई है और अब पार्टी के समस्त जिला स्तरीय कार्यक्रमों का संचालन यहीं से होगा. उन्होंने कहा कि एक छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलने से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं को कार्य करने में संबल प्राप्त होगा.
कार्यकर्ताओं के त्याग का परिणाम: श्रीचंद कृपलानी
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि यह आलीशान भवन कार्यकर्ताओं की दशकों की त्याग और तपस्या का प्रतीक है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “एक समय था जब पार्टी दो सीटों पर सिमटी हुई थी और कार्यकर्ताओं का मिलना मुश्किल होता था, लेकिन आज कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी इस मुकाम पर है कि हर जिले में हमारे अपने भव्य कार्यालय हैं.”

