उदयपुर जिले की खेरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. यह शराब राजस्थान से तस्करी कर गुजरात ले जाई जा रही थी. पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई ‘शराब वाली क्रेटा कार ‘
खेरवाड़ा थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी. इस पर पुलिस टीम ने एनएच-48 पर नाकाबंदी शुरू की. नाकाबंदी के दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की संदिग्ध क्रेटा कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखते ही चालक ने हड़बड़ाहट दिखाई, जिससे संदेह गहरा गया. जब कार की गहनता से तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी दंग रह गए; कार के अंदर भारी मात्रा में शराब के कार्टून भरे हुए थे.
29 कार्टून शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
तलाशी के दौरान कार से राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के कुल 29 कार्टून बरामद किए गए. पुलिस ने मौके से ही कार चालक अफान मसूरी को गिरफ्तार कर लिया और शराब सहित वाहन को जब्त कर लिया. प्रारंभिक आकलन के अनुसार, जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है.
गुजरात खपाने की थी तैयारी
पूछताछ में सामने आया है कि तस्करी की यह खेप राजस्थान से भरकर गुजरात में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थी. शराब तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए अक्सर लग्जरी कारों का इस्तेमाल करते हैं ताकि किसी को शक न हो. फिलहाल खेरवाड़ा पुलिस आरोपी अफान मसूरी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं.

