
डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत सोमवार को बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में पीछा करते हुए तस्करों की दो कारों को घेरा, जिनमें से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर भागने में सफल रहे.
मुखबिर की सूचना पर तलैया में नाकाबंदी
बिछीवाड़ा थानाधिकारी (CI) कैलाश सोनी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो कारों के जरिए शराब की एक बड़ी खेप राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही है. इस सूचना पर पुलिस टीम ने तलैया गांव के पास सघन नाकाबंदी की. इसी दौरान दो तेज रफ्तार कारें आती दिखाई दीं. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने वाहन रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ दी और कारें भगा ले गए.
पुलिस ने किया पीछा, गलियों में कारें छोड़ भागे तस्कर
नाकाबंदी टूटने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत तस्करों का पीछा शुरू किया. खुद को पुलिस से घिरा देख तस्करों ने तलैया गांव की तंग गलियों में अपनी दोनों कारें छोड़ दीं और झाड़ियों व अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने इलाके में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तस्करों का सुराग नहीं लग सका.
3.50 लाख की शराब बरामद
लावारिस हालत में मिली दोनों कारों की जब तलाशी ली गई, तो उनमें राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के कुल 54 कार्टन ठसाठस भरे मिले. जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों सहित शराब को जब्त कर लिया है और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
तस्करों की पहचान में जुटी पुलिस
सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि तस्करों की पहचान के लिए कारों के नंबर और उनके मालिकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जिले में ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत तस्करों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

