डूंगरपुर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर आज पूरा डूंगरपुर शहर पूरी तरह राममय नजर आया. शहर की गलियों से लेकर प्रमुख चौराहों तक केवल भगवा रंग और भक्ति का उल्लास दिखाई दिया. भव्य शोभायात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूरा जिला मुख्यालय उत्सव के रंग में डूबा रहा.
बादल महल से हुआ भव्य शंखनाद
रामनवमी के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक बादल महल से हुआ. यहां से शुरू हुई यह यात्रा पुराने शहर के विभिन्न मार्गों, तंग गलियों और प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी. शोभायात्रा का नजारा इतना विहंगम था कि जहां तक नजर जा रही थी, वहां केवल श्रद्धालुओं का हुजूम और लहराते भगवा ध्वज ही दिखाई दे रहे थे.
झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में शामिल विभिन्न धार्मिक और सजीव झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रहीं. विशेष रूप से भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और वीर हनुमान के स्वरूपों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया. डीजे की धुन और भगवान श्री राम के भजनों पर युवा टोली जमकर थिरकी। पूरे मार्ग के दौरान ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी नारों से शहर की गलियां गूंजती रहीं.
हर वर्ग की रही सहभागिता
इस भव्य आयोजन में केवल युवा ही नहीं, बल्कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया. कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा ठंडे पानी और अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी.
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
आयोजन की संवेदनशीलता और भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और आला अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे. शांतिपूर्ण तरीके से शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः बादल महल पहुंचकर संपन्न हुई, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया.

