राजस्थान के उदयपुर जिले के नयागांव उपखंड अंतर्गत बलीचा गांव के एक युवक की सोमवार रात अहमदाबाद में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी. हमलावरों ने युवक के पेट पर इतने घातक वार किए कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और समाज के लोगों में भारी आक्रोश है. फिलहाल, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने और उसे उठाने से इनकार कर दिया है.
सोते समय हुआ जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय हितेष पुत्र रमणलाल मेघवाल पिछले 20 वर्षों से अपने परिवार के साथ अहमदाबाद के गुप्ता नगर में रह रहा था. वह वहां अपने पिता के साथ फर्नीचर बनाने का काम करता था. सोमवार रात हितेष घर के बाहर बरामदे में सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमला इतना भीषण था कि युवक लहूलुहान हो गया. पास ही सो रही बहन की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन बाहर आए, हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे.
दो महीने बाद थी शादी, घर में पसरा सन्नाटा
मृतक हितेष अपने परिवार का बड़ा बेटा था. पिता रमणलाल ने बताया कि हितेष की दो महीने बाद शादी होने वाली थी और घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अचानक हुई इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन और संगठन
हत्या की खबर मिलते ही मेघवाल युवा संगठन, आदिवासी विकास यूनियन, भीम आर्मी और जय भीम संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उदयपुर से अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल पहुंचे. परिजनों और संगठनों ने अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया. लक्ष्मीनारायण मेघवाल ने बताया कि जब तक प्रशासन हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार नहीं करता, तब तक विरोध जारी रहेगा. फिलहाल गुजरात पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है.

