उदयपुर जिले के खेरवाड़ा कस्बे से गुजर रहा नेशनल हाईवे 927A इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. खेरवाड़ा को स्वरूपगंज से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण राजमार्ग की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि यहाँ हर समय भीषण हादसे की आशंका बनी रहती है. सड़क पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बन रहे हैं.


बड़े-बड़े गड्ढे बने ‘मुसीबत का सबब’


स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों के अनुसार, हाईवे पर जगह-जगह इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं कि चालकों को समझ ही नहीं आता कि गाड़ी गड्ढे में डालें या सड़क पर चलाएं. दिन में तो जैसे-तैसे वाहन चालक बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में ये गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं.
दुपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति सबसे ज्यादा खतरनाक बनी हुई है. गड्ढों के कारण अक्सर असंतुलित होकर बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं.
गुहार बेअसर, नेता और अधिकारी मौन
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की इस दुर्दशा को लेकर उन्होंने कई बार स्थानीय नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर गुहार लगाई. लेकिन लंबे समय से मांग करने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. अधिकारियों और नेताओं की इस अनदेखी के कारण ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी हुई है.
हो चुके हैं कई दर्दनाक हादसे
सड़क की खराब हालत के चलते इस मार्ग पर पूर्व में भी कई बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई मासूम लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. इसके बावजूद प्रशासनिक लापरवाही समझ से परे है.
ग्रामीणों ने चेताया है कि यदि जल्द से जल्द नेशनल हाईवे 927A की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उन्हें मजबूरन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा.

