Headlines

उदयपुर: खेरवाड़ा आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा कंटेनर जब्त

राजस्थान-गुजरात सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. खेरवाड़ा आबकारी निरीक्षक वृत्त टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक बंद बॉडी कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है.

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

आबकारी निरीक्षक (वृत्त) जितेन्द्र सिंह राठौड़ को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि उदयपुर की ओर से एक कंटेनर गुजरात की तरफ जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने खेरवाड़ा के खाड़ी ओबरी टोल टैक्स पर घेराबंदी की और विशेष नाकाबंदी शुरू की.

तलाशी में मिले 330 कार्टून, चंडीगढ़ निर्मित है शराब

नाकाबंदी के दौरान जब संदिग्ध बंद बॉडी कंटेनर को रुकवाकर उसकी गहन तलाशी ली गई, तो अधिकारी दंग रह गए. कंटेनर के अंदर चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के 330 कार्टून छिपाकर रखे गए थे. आबकारी टीम ने तुरंत शराब सहित कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बाजार में इस खेप की कीमत 30 लाख रुपये के आसपास है.

तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू

विभाग ने शराब को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वर्तमान में कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस और आबकारी अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि यह शराब कहाँ से लोड की गई थी और गुजरात में इसे किसे डिलीवर किया जाना था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *