उदयपुर शहर के उमरड़ा क्षेत्र से आज दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. उमरड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रामा फास्फेट के सामने स्थित ईंट भट्टे पर काम करने वाले श्रमिक की 17 वर्षीय पुत्री की कुएं में डूबने से मौत हो गई. सिविल डिफेंस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महज 10 मिनट में शव को कुएं से बाहर निकाल लिया.
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान कैलासी बंजारा (17) पुत्री नगा राम बंजारा के रूप में हुई है. मृतका का परिवार मूल रूप से रेबारियों का गुड़ा का निवासी है, जो वर्तमान में उमरड़ा स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरी कर रहा था. मंगलवार दोपहर करीब 12:00 बजे कैलासी कुएं पर पानी भरने गई थी. इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में जा गिरी. आस-पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुकी थी.
सिविल डिफेंस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही उमरड़ा चौकी इंचार्ज पर्वत सिंह (ASI) ने तत्काल जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) के नियंत्रण कक्ष को सूचित किया. सूचना मिलते ही उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के आदेश पर एक विशेष रेस्क्यू टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया.
रेस्क्यू टीम ने बिना समय गंवाए कुएं में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. टीम के सदस्य और कुशल गोताखोरों ने महज 10 मिनट की कड़ी मेहनत के बाद किशोरी के शव को ढूंढ निकाला और कुएं से बाहर लेकर आए.
रेस्क्यू टीम की भूमिका
इस पूरे घटनाक्रम में गोताखोर विजय नकवाल की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने तत्काल कुएं में उतरकर शव को लोकेट किया. टीम में कैलाश मेनारिया, भवानी शंकर वाल्मीकि, दिनेश खटीक और वाहन चालक प्रकाश राठौड़ शामिल रहे. टीम ने शव को बरामद कर उमरड़ा पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है.

