Headlines

उदयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाले ‘फूफा-भतीजे’ गिरफ्तार, 500 CCTV खंगालने के बाद जंगल से दबोचे

उदयपुर शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में सेलिब्रेशन मॉल के सामने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला से 6 तोला सोने की चेन लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले शातिर ‘फूफा और भतीजे’ की जोड़ी को ऋषभदेव के जंगलों से शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था.

500 CCTV कैमरे और 3 राज्यों में दबिश

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी प्रभुलाल उर्फ प्रकाश (51) और उसका भतीजा तरूण मीणा (24) शातिर अपराधी हैं. इन्हें पकड़ने के लिए सुखेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आरोपियों का पीछा करते हुए पुलिस ने सलूंबर, डूंगरपुर और गुजरात के अहमदाबाद तक दबिश दी. आखिरकार इन्हें ऋषभदेव के घने जंगलों से घेराबंदी कर पकड़ा गया. भागते समय एक आरोपी का पैर भी टूट गया.

साहसी बुजुर्ग महिला से मिलीं एसपी

वारदात 18 मार्च की है, जब आरके सर्कल निवासी रूप कुंवर (75) मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं. बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन तोड़ी, लेकिन बहादुर महिला ने लुटेरों का मुकाबला किया. छीना-झपटी में बदमाशों ने उन्हें डिवाइडर पर गिरा दिया था. एसपी डॉ. अमृता दुहन ने थाने पहुंचकर पीड़िता रूप कुंवर से मुलाकात की और उनकी हिम्मत की सराहना की.

अपराधिक रिकॉर्ड: जेल भी जा चुके हैं आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तरुण मीणा सेमारी थाने से भगोड़ा घोषित है और उस पर लूट व डकैती के दो मामले दर्ज हैं. वहीं, उसका फूफा प्रभुलाल गुजरात में लूट के मामले में अहमदाबाद जेल की हवा खा चुका है और उस पर पूर्व में 3 मामले दर्ज हैं.

थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में पुलिस अब आरोपियों से लूटी गई चेन की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है. इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *