राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है. बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 50 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. तस्करों ने शराब छिपाने के लिए ट्रक के भीतर विशेष रूप से गुप्त केबिन बना रखा था, जिसे पुलिस की पैनी नजरों ने पकड़ लिया.
नाकाबंदी के दौरान रतनपुर बॉर्डर पर बड़ी सफलता
जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार के निर्देशानुसार, जिले में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर चौकी के सामने सघन नाकाबंदी की थी.
नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर के एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोका गया. शुरुआत में ट्रक में प्लाईवुड भरा हुआ दिखाई दे रहा था, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो प्लाईवुड और लोहे के एंगल के बीच बने एक शातिर गुप्त चैम्बर का पता चला.
520 कार्टन हरियाणा निर्मित शराब बरामद
पुलिस ने जब इस गुप्त केबिन को खोला, तो उसमें हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब के कुल 520 कार्टन ठूस-ठूस कर भरे हुए पाए गए. बरामद की गई शराब की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है.
दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मौके से पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान ट्रक चालक जोगासिंह (निवासी यमुनानगर, हरियाणा) और उसके साथी सतीश कुमार (निवासी रोहतक, हरियाणा) के रूप में हुई है. प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि यह शराब हरियाणा से लोड की गई थी और इसे तस्करी के जरिए गुजरात ले जाया जा रहा था.
बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके मुख्य सरगनाओं का पता लगाया जा सके.

