उदयपुर शहर के हृदय स्थल और सुरक्षित माने जाने वाले घंटाघर थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. चोरों ने सिलावट वाड़ी इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 तोला सोना और 10 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. इस बड़ी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
तीसरी मंजिल पर अलमारी के तोड़े ताले
जानकारी के अनुसार, वारदात सिलावट वाड़ी स्थित ‘बीच की मस्जिद’ के सामने रहने वाले एक परिवार के घर में हुई. बताया जा रहा है कि चोर शाम करीब 7 बजे के आसपास घर में घुसे. शातिर चोरों ने सीधे तीसरी मंजिल पर धावा बोला और वहां रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवरात और नकदी समेट ली. चोरी की गई ज्वेलरी की कीमत बाजार भाव के अनुसार लाखों में बताई जा रही है.
कार्यक्रम से लौटे तो उड़ गए होश
हादसे के वक्त पूरा परिवार एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था. रात करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य घर वापस लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. अंदर जाने पर तीसरी मंजिल का सारा सामान बिखरा हुआ मिला और तिजोरी का लॉकर टूटा पड़ा था. पीड़ित परिवार ने तुरंत अपने रिश्तेदारों और घंटाघर थाना पुलिस को सूचित किया.
जांच में जुटी पुलिस, खंगाले जा रहे CCTV
सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. वारदात के तरीके से अंदेशा लगाया जा रहा है कि चोरों को परिवार के बाहर जाने की सटीक जानकारी थी. पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के आने-जाने के मार्ग और उनकी पहचान का सुराग लग सके.

