Headlines

डूंगरपुर: ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत DST की बड़ी कार्रवाई, नाकाबंदी तोड़कर भागी कार से 3 लाख की अवैध शराब जब्त

डूंगरपुर जिले में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (DST) को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने धंबोला थाना क्षेत्र में एक क्रेटा कार से 61 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. पकड़ी गई शराब की बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपए आंकी जा रही है. हालांकि, पुलिस को देखकर चालक कार छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा.

नाकाबंदी देख चालक ने दिखाई चालाकी

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में डीएसटी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध शराब की बड़ी खेप गुजरात ले जाने की फिराक में है. सूचना पर टीम ने नया गांव हड़मतिया तिराहे के पास पुख्ता नाकाबंदी की.

कुछ ही देर बाद संदिग्ध कार आती दिखाई दी. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर चालक गाड़ी को लावारिस हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

कार की तलाशी में निकली 61 पेटियां

जब पुलिस टीम ने कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में शराब भरी देख दंग रह गई. कार के अंदर विभिन्न ब्रांड की कुल 61 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब लदी हुई थी. पुलिस ने कार और शराब को जब्त कर धंबोला थाने को सौंप दिया है. इस पूरी कार्रवाई में डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल मदनलाल और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही.

तस्करों की तलाश तेज

धंबोला थाना पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की तलाश में जुटी है. माना जा रहा है कि यह शराब आगामी दिनों में होने वाले स्थानीय कार्यक्रमों या पड़ोसी राज्य गुजरात में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *