डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 48 पर बुधवार को एक शराबी टैंकर चालक ने जबरदस्त हंगामा किया. शराब के नशे में धुत चालक ने न केवल बीच सड़क पर टैंकर खड़ा कर जाम लगाया, बल्कि तलवार लहराते हुए परिवहन विभाग और पुलिस टीम पर पथराव भी किया. इस हमले में आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के कांच फूट गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बीच सड़क टैंकर खड़ा कर निकाली तलवार
परिवहन निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को उनकी टीम गुजरात सीमा से करीब 10 किलोमीटर पहले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी. इसी दौरान उदयपुर की ओर से एक टैंकर आया. चालक अत्यधिक नशे में था और उसने टैंकर को हाईवे के बीचों-बीच खड़ा कर दिया. जब टीम ने उसे टोकने का प्रयास किया, तो वह हाथ में नंगी तलवार लेकर नीचे उतरा और हंगामा करने लगा.
RTO और पुलिस टीम पर पथराव, भागकर बचाई जान
हंगामे की सूचना पर बिछीवाड़ा थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन चालक का आक्रोश और बढ़ गया. चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस के वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया. पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि आरटीओ इंस्पेक्टर की गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए. स्थिति बिगड़ती देख एक बार तो पुलिस और आरटीओ टीम को वहां से पीछे हटना पड़ा.
रतनपुर बॉर्डर के पास दबोचा गया आरोपी
घटना के बाद बिछीवाड़ा थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया, लेकिन तब तक आरोपी टैंकर लेकर भाग निकला था. पुलिस और आरटीओ टीम ने पीछा करते हुए उसे रतनपुर बॉर्डर से ठीक पहले घेराबंदी कर पकड़ लिया. पुलिस टैंकर को जब्त कर चालक को थाने ले आई है.
राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज
परिवहन निरीक्षक सुरेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी के खिलाफ तलवार लहराकर डराने-धमकाने, सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने और राजकार्य में बाधा डालने की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू कर दी गई है. व्यस्ततम हाईवे पर हुए इस ड्रामे ने कुछ देर के लिए यातायात को पूरी तरह बाधित कर दिया था.

