राजस्थान के डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र से वारदात सामने आई है. यहाँ के रखोडिया गांव में आपसी रंजिश या विवाद के चलते एक 40 वर्षीय युवक की लात-घूंसों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है.
शाम को घर लौटते ही मिली मौत की खबर
धम्बोला थानाधिकारी देवेंद्र देवल के अनुसार, मृतका की पत्नी इंदिरा रोत (36) ने थाने में रिपोर्ट दी है. इंदिरा ने बताया कि सोमवार को वह किसी काम से गडा बाटेश्वर गांव में मेहमान गई हुई थी. घर पर उनके पति कान्ति रोत (40) अकेले थे. जब वह शाम करीब 8 बजे वापस लौटीं, तो उनके भतीजे तेजपाल ने रोते हुए इस भयानक वारदात की जानकारी दी.
स्कूल के पास सरेराह दिया वारदात को अंजाम
रिपोर्ट के मुताबिक, यह वारदात रखोडिया प्राथमिक स्कूल के पास अंजाम दी गई. प्रत्यक्षदर्शी और भतीजे तेजपाल ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने कान्ति रोत को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया. इंदिरा ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट आरोप लगाया है कि:
- कान्ति पुत्र शिवा भगोरा (निवासी मानातलाई)
- अशोक पुत्र रमेश रोत
- सुरेश पुत्र मोहन रोत
- भरत पुत्र मोहन रोत
इन चारों ने मिलकर कान्ति रोत के साथ बेरहमी से मारपीट की. आरोपियों ने उन्हें लात-घूंसों से इतना पीटा कि कान्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही धम्बोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं. पुलिस ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

