Headlines

उदयपुर: सविना थाना पुलिस की बड़ी कामयाबी, शातिर चेन स्नैचर गैंग का भंडाफोड़; 21 वारदातों का खुलासा

उदयपुर शहर में मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाने वाली एक शातिर गैंग का उदयपुर की सविना थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से शहर के विभिन्न इलाकों में की गई चेन स्नैचिंग की 21 वारदातों का खुलासा किया है.

सीसीटीवी कैमरों ने खोला राज

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 10 अप्रैल 2026 को नेला तालाब के पास मॉर्निंग वॉक पर गई एक महिला के गले से दो तोला सोने की चेन लूटने की वारदात हुई थी. इस पर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया. थानाधिकारी गजवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. फुटेज में दो युवक बिना नंबर की बाइक पर नजर आए, जिसके आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया.

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है:

  1. मुकेश खटीक (21): निवासी खटीकवाड़ा, सूरजपोल (हाल सविना).
  2. नरेन्द्र चौधरी उर्फ खुबी (20): निवासी विजयनगर, जिला ब्यावर (हाल गोवर्धन विलास).

पूछताछ में उगले कई राज, पांच अन्य साथी भी शामिल

आरोपियों से जब मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, तो उन्होंने न केवल नेला तालाब की वारदात कबूली, बल्कि उदयपुर के सूरजपोल, हिरणमगरी, प्रतापनगर, धानमण्डी, गोवर्धन विलास, सुखेर और भुपालपुरा जैसे पॉश इलाकों में कुल 21 वारदातें करना स्वीकार किया.

इस गैंग में उनके साथ आकाश ओड, उमेश उर्फ गुड्डू, मयंक राज भोई, सन्नी और दादू नाम के अन्य साथी भी शामिल हैं. पुलिस अब इन फरार साथियों की तलाश और लूटी गई ज्वेलरी की बरामदगी के प्रयास कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *