Headlines

उदयपुर में हनीट्रैप का खौफनाक खेल: सोशल मीडिया पर दोस्ती के बहाने युवक का अपहरण; युवती समेत दो गिरफ्तार

उदयपुर में हनीट्रैप और लूट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बदमाशों ने एक इवेंट मैनेजर युवक को सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसाया और फिर अपहरण कर रात भर कार में बंधक बनाए रखा. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवती और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है.

सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर खौफ का जाल

जानकारी के अनुसार, मानक चौक निवासी 29 वर्षीय विष्णु पटेल की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से डॉली नाम की युवती से हुई थी. युवती ने विष्णु को मिलने के बहाने व्हाट्सएप मैसेज कर बुलाया. जैसे ही युवक तय स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे हिमांशु मेहता और उसके 8-10 साथियों ने उसे घेर लिया। बदमाशों के पास धारदार हथियार और लाठियां थीं.

रात भर कार में घुमाया, मांगी 5 लाख की फिरौती

आरोपियों ने विष्णु के साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में डालकर किडनैप कर लिया. रात भर बदमाश उसे शहर की अलग-अलग गलियों में घुमाते रहे और जान से मारने की धमकी देकर 5 लाख रुपए की मांग की. डर के मारे युवक ने किसी तरह 50 हजार रुपए की व्यवस्था की. इसके बावजूद, बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन, अंगूठी और 11 हजार रुपए नकद भी लूट लिए.

पटककर हुए फरार, पीड़ित की सूझबूझ आई काम

वारदात के बाद बदमाश युवक को गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में ऑडी शोरूम के पास सड़क पर पटककर भाग निकले. भागते समय उन्होंने युवक को पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. हालांकि, पीड़ित ने हिम्मत नहीं हारी और अंधेरे में भी बदमाशों की कार का नंबर नोट कर लिया.

सुखेर पुलिस की कार्रवाई, सामान बरामद

विष्णु की रिपोर्ट पर सुखेर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कार के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक जा पहुंची. पुलिस ने युवती (डॉली) और मुख्य आरोपी हिमांशु मेहता को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से लूटी गई सोने की चेन, अंगूठी और नकदी भी बरामद कर ली गई है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी किसी को अपना शिकार बनाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *