Headlines

उदयपुर: गाड़ी की बात को लेकर विवाद, व्यापारी और पुत्र पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला

ऋषभदेव (उदयपुर) नगर के चौराहा रोड पर शनिवार दोपहर एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. यहाँ एक युवक और उसके साथियों ने मिलकर एक व्यापारी और उनके पुत्र पर लाठी, डंडों और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है. घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया है.

गाड़ी को लेकर हुई थी कहासुनी

जानकारी के अनुसार, व्यापारी कन्हैयालाल पंचाल शनिवार दोपहर करीब 4 बजे बाजार में किसी काम से गए हुए थे. इसी दौरान रास्ते में गाड़ी साइड में लेने या खड़े करने की बात को लेकर एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई. मौके पर मौजूद लोगों की समझाइश के बाद कन्हैयालाल वहां से अपनी दुकान ‘श्री केसरियाजी वेल्डिंग वर्कशॉप’ लौट आए. उन्हें लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन विवाद अभी खत्म नहीं हुआ था.

दुकान पर बुलाए साथी, फिर किया हमला

आरोप है कि उक्त युवक पीछा करते हुए कन्हैयालाल की दुकान तक पहुँच गया और वहां फिर से गाली-गलौज करने लगा. जब व्यापारी के पुत्र विजय ने इसका विरोध किया, तो युवक ने अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया. देखते ही देखते हमलावरों ने लाठी, सरियों और डंडों से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए.

व्यापारियों में भारी रोष, कार्रवाई की मांग

सूचना मिलते ही ऋषभदेव थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया.

इधर, दिनदहाड़े हुई इस मारपीट की घटना से कस्बे के व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने थाने पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया. व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, अन्यथा आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *