Headlines

डूंगरपुर: शादी में जा रहे तीन भाइयों पर 25 युवकों का जानलेवा हमला, दो की हालत नाजुक, उदयपुर रेफर

डूंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बेड़सा गांव में एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहाँ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन सगे भाइयों पर दो दर्जन से अधिक बदमाशों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. हमले में तीनों भाई लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिनमें से दो की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है.

रास्ते में घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, भिंडा गांव निवासी सानू डामोर (पुत्र हरिदेव डामोर) अपने दो भाइयों शैलेश और दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर बोड आमली गांव से बेड़सा की ओर जा रहे थे. वे अपने रिश्तेदार जितेंद्र की शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे. जैसे ही तीनों भाई बेड़सा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे 20 से 25 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया.

लाठी और पत्थरों से बरसाया कहर

बदमाशों ने बिना किसी बात के तीनों भाइयों पर लाठियों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. अचानक हुए इस हमले में तीनों भाई बुरी तरह घायल हो गए. शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर वहां से फरार हो गए.

उदयपुर रेफर

परिजन तुरंत घायलों को लेकर सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया. जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि शैलेश और दीपक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और अंदरूनी रक्तस्राव का खतरा है, जिसके चलते उन्हें तुरंत उदयपुर बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहीं, तीसरे भाई सानू का उपचार फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *