बांसवाड़ा जिले में महिला सुरक्षा को पुख्ता करने और छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए बांसवाड़ा पुलिस इन दिनों धरातल पर कड़ा एक्शन ले रही है. जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर जोशी के निर्देशन में ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत ‘ऑपरेशन डिकॉय’ चलाया जा रहा है. इसके तहत गठित विशेष ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ ने सार्वजनिक स्थानों पर सादे कपड़ों में जाल बिछाकर महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले 4 मनचलों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही टीम ने कॉलेजों में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए.
सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों ने बिछाया जाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह और डीएसपी गोविंद सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल लगातार सक्रिय हैं. यह टीम शहर के मुख्य बाजारों, कोचिंग सेंटर्स, स्कूलों, कॉलेजों और पब्लिक पार्कों में बिना वर्दी (सादे कपड़ों में) गश्त कर मनचलों पर नजर रख रही थी. इसी दौरान नूतन स्कूल, उपाध्याय पार्क, गढ़ी-परतापुर क्षेत्र के एक पार्क और कलिंजरा कस्बे में युवतियों को परेशान करने और उन पर फब्तियां कसने के आरोप में टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चार आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया.
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जिन चार मनचलों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
- कानू पिता लाजी पटेल (निवासी: भड़वेल, थाना सज्जनगढ़)
- कपिल पिता अगरलाल मीणा (निवासी: सालूम्बर, हाल निवासी: मोहन कॉलोनी, बांसवाड़ा)
- प्रवीण पिता रमेश डिंडोर (निवासी: जोलाना, थाना अरथूना)
- दलजी पिता गणेश लाल खांट (निवासी: हथेलीया, थाना गढ़ी)
कॉलेज की छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर और हेल्पलाइन की जानकारी

कालिका पेट्रोलिंग टीम ने केवल कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि कलिंजरा क्षेत्र के सर्वोदय कॉलेज में जाकर एक विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया. टीम के सदस्यों ने कॉलेज की छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए आत्मरक्षा (Self-Defense) के अलग-अलग तरीके सिखाए. इसके अलावा छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ के एसओएस (SOS) फीचर और विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें.
एसपी सुधीर जोशी ने साफ संदेश दिया है कि महिलाओं और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की यह पैनी नजर व सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

