डूंगरपुर जिले के कुंआ थाना क्षेत्र के डूंगरसारण गांव में एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कुंआ थाना पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन महिलाओं सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वह रस्सी, लोहे की सांकल और ताला भी बरामद कर लिया है, जिससे बुजुर्ग महिला को जकड़कर रखा गया था.
घर के आंगन से जबरन उठाकर ले गए आरोपी
कुंआ थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि पीड़िता ने 6 जुलाई को थाने में उपस्थित होकर आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पीड़िता के अनुसार, वह दोपहर करीब 3 बजे अपने घर के आंगन में शांतिपूर्वक बैठी हुई थी. इसी दौरान गांव के ही सुकरम, रमण, चंदु, विनय और उनके परिवार की कुछ महिलाएं लाठी-डंडों के साथ उसके घर में घुस आईं.
लोहे की सांकल से बांधकर की मारपीट
आरोपियों ने आते ही बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे जबरन घसीटते हुए पकड़कर अपने घर ले गए. वहां आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए महिला को रस्सी और लोहे की सांकल से बांधकर ताला लगा दिया और बंधक बना लिया. इस दौरान बंधक अवस्था में भी उसके साथ दोबारा मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं.
पुलिस ने दबिश देकर कराया मुक्त
घटना की भनक लगते ही पीड़िता के परिजन और कुंआ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए आरोपियों के घर में दबिश दी और बुजुर्ग महिला को सकुशल बंधक मुक्त कराया.
सभी 7 आरोपी सलाखों के पीछे
थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर चार पुरुष और तीन महिला सहित सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में सुकरम, रमण, चंदु, विनय उर्फ विनोद, रूखली, रीना और गंगा (सभी निवासी डूंगरसारण) शामिल हैं. पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

