Headlines

बांसवाड़ा: देर रात डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने पिकअप और साउंड सिस्टम किया जब्त; एसपी के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई

बांसवाड़ा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए बांसवाड़ा पुलिस अब सख्त रुख अपना रही है. तय समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाकर आमजन की नींद में खलल डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने बीती रात एक डीजे लदी पिकअप (टाटा 407) और साउंड सिस्टम को जब्त किया है.

पीपलवा क्षेत्र में नियमों की उड़ाई जा रही थी धज्जियां

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध रूप से बजने वाले डीजे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में कोतवाली थानाधिकारी बुद्धाराम बिशनोई को गुप्त सूचना मिली कि पीपलवा क्षेत्र में देर रात तक कान फोड़ू आवाज में डीजे बजाया जा रहा है, जिससे आसपास के रहवासियों और बीमार बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है.

वाहन के साथ जनरेटर भी कब्जे में

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की. पुलिस ने मौके से नियमों का उल्लंघन कर रहे एक टाटा 407 वाहन को जब्त किया, जिस पर भारी-भरकम साउंड सिस्टम लगा हुआ था. पुलिस ने न केवल डीजे सिस्टम, बल्कि उसे चलाने वाले वाटर पंप जनरेटर को भी अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वाहन को थाने में खड़ा करवाया है.

आमजन से सहयोग की अपील

पुलिस ने सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. थानाधिकारी ने जनता से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में देर रात कहीं भी अवैध रूप से शोर हो, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 02962-241100 पर सूचित करें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *