राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत टामटिया गांव से हिंसा और आगजनी की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. एक पुराने विवाद ने रविवार को इतना तूल पकड़ लिया कि पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. इस हिंसक झड़प में एक युवक की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई, जिसके प्रतिशोध में आक्रोशित भीड़ ने आरोपी पक्ष के कई घरों और बाड़ों को आग के हवाले कर दिया.
विवाद की जड़ और खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, यह पूरा बवाल एक युवक-युवती से जुड़े पुराने मामले को लेकर शुरू हुआ था. रविवार को इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक युवक को घेर लिया और उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
युवक की मौत की खबर फैलते ही दूसरे पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. परिजनों और समर्थकों ने आरोपी पक्ष के घरों पर धावा बोल दिया. जमकर तोड़फोड़ करने के बाद उपद्रवियों ने कई घरों और पशुओं के बाड़ों में आग लगा दी. आसमान में धुएं के गुबार और चीख-पुकार से इलाके में दहशत फैल गई.
पुलिस पर पथराव, बंधक बनाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही मोटा गांव थानाधिकारी रमेश पाटीदार जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. थानाधिकारी ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को भीड़ से छुड़ाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवी लगातार छिप-छिपकर पुलिस पर हमला करते रहे.
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को टामटिया के लिए रवाना किया गया है. थानाधिकारी पाटीदार ने बताया कि उपद्रवी रुक-रुक कर पथराव कर रहे हैं और आगजनी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. पुलिस फिलहाल गांव में फ्लैग मार्च कर रही है और उपद्रवियों को खदेड़ने का प्रयास जारी है.

