Headlines

डूंगरपुर: शादी में जा रहे दो युवकों पर 15 से अधिक बदमाशों का हमला, धारदार हथियार से किया वार

डूंगरपुर जिले के झोथरी क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब समारोह में शामिल होने जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. करीब 15 से अधिक लोगों ने घात लगाकर युवकों को घेरा और लात-घूसों, लाठियों व धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए. लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है.

रास्ते में घात लगाकर बैठे थे हमलावर

जानकारी के अनुसार, बीज का फला (माल चौकी झोथरी) निवासी पुष्पेंद्र पिता जयंतीलाल डामोर और उसका पड़ोसी भेसला फला निवासी कल्पेश पिता पोपट लाल बुझ रविवार शाम करीब 4 बजे गांव में ही आयोजित एक विवाह समारोह में पैदल जा रहे थे. जैसे ही दोनों युवक विवाह स्थल के नजदीक पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे 15-20 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बिना किसी बात के बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया.

सिर पर किए धारदार हथियार से वार

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने युवकों को लात-घूसों और लट्ठ से बुरी तरह पीटा. इतने से भी मन नहीं भरा तो बदमाशों ने धारदार हथियार (चाकू) से युवकों के सिर पर वार कर दिया. हमले में पुष्पेंद्र और कल्पेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े। शोर मचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए. परिजन तुरंत निजी वाहन की मदद से दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं.

पुलिस में रिपोर्ट का इंतजार

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत या प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं कराई गई है. बताया जा रहा है कि हमलावर भी शादी में मेहमान बनकर आए थे, हालांकि उनकी पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *