डूंगरपुर: खुशियों के जश्न में कानून की मर्यादा लांघना कुछ युवकों को भारी पड़ गया है. डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में एक बारात के दौरान सरेआम तलवारें लहराने, चाकू दिखाने और खतरनाक स्टंटबाजी करने के मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपी को दबोचा है, बल्कि लग्जरी कार और डीजे वाहनों को भी जब्त कर लिया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था ‘खतरनाक’ जश्न
जानकारी के अनुसार, यह बारात पांतली गांव से गजपुर गई थी. रास्ते में बारात में शामिल कुछ उत्साही युवकों ने नियमों को ताक पर रखकर जमकर हंगामा किया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि युवक हाथों में नंगी तलवारें और चाकू लहरा रहे थे. इतना ही नहीं, तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा था और सड़क पर वाहनों से खतरनाक स्टंट कर आमजन में दहशत पैदा की जा रही थी.
एसपी के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही
मामला जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार के संज्ञान में आते ही उन्होंने कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए. चौरासी थाना पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान की. पुलिस ने कार्यवाही करते हुए:
- स्टंटबाजी में प्रयुक्त की जा रही एक’Thar कार को जब्त किया.
- ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 2 DJ सिस्टम और उन्हें ले जा रही एक पिकअप को सीज कर दिया.
- वीडियो में हथियार लहराते दिख रहे मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
चौरासी थाना पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस ने इस कार्यवाही के जरिए सख्त संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराना और आम लोगों की जान जोखिम में डालकर स्टंट करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि शादी-ब्याह या अन्य आयोजनों में कानून के दायरे में रहकर खुशियाँ मनाएं. किसी भी प्रकार की हथियारबाजी या अवैध तरीके से डीजे बजाने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी.

