डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे परिवार पर हथियारबंद बदमाशों ने घात लगाकर हमला कर दिया. इस हमले में पति-पत्नी और उनके दो बेटों को गंभीर चोटें आई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बिनौले से लौटते वक्त हुआ हमला
पीड़ित मोहन वादी ने बताया कि वह अपनी पत्नी बालू वादी और दो बेटों, रमण व मुकेश के साथ बौखला पाल गांव में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे. रविवार देर शाम करीब 12 बजे ‘बिनौले’ का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब परिवार अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी रास्ते में सुनसान जगह पर 10 से 12 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
धारदार हथियारों और लाठियों से की मारपीट
बदमाश पहले से ही हथियारों के साथ वहां छिपे हुए थे. जैसे ही परिवार वहां पहुंचा, आरोपियों ने अचानक लाठियों, पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में बालू वादी के सिर पर गहरा घाव हुआ है, जिससे वे लहूलुहान हो गईं. जब मोहन और उनके बेटों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटा. चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग इकट्ठा होते, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में उपचार जारी, जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत स्थिर बनी हुई है, लेकिन सिर में चोट के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है.
सूचना मिलते ही बिछीवाड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर पुलिस आपसी रंजिश और लूट के इरादे जैसे विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.

