Headlines

उदयपुर: गोगुंदा में तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद रणकपुर के जंगलों में भागे बदमाश, 1 करोड़ का डोडा चूरा बरामद

उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र से इस वक्त की बेहद सनसनीखेज और बड़ी खबर सामने आ रही है. सायरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. रणकपुर रोड पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस और तस्करों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों तरफ से गोलियां चलीं. हालांकि, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे, लेकिन पुलिस ने मौके से करीब 1 करोड़ रुपए कीमत का अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है.

नाकेबंदी तोड़ पुलिस पर दागीं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी मय जाब्ते के रणकपुर रोड पर मजावड़ा के समीप नाकेबंदी कर रहे थे. इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आती हुई दिखाई दी. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस जाब्ते पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस की जवाबी फायरिंग, 421 किलो डोडा चूरा जब्त

अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में तत्परता दिखाते हुए बदमाशों पर जवाबी तीन राउंड फायर किए. इस दौरान पुलिस की एक गोली स्कॉर्पियो के कांच पर भी लगी, लेकिन तस्कर वाहन को बेहद तेज रफ्तार से दौड़ाते हुए रणकपुर के घने जंगलों की ओर भगा ले गए.

पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तस्करों का पीछा किया। कुछ दूरी पर तस्कर गाड़ी छोड़कर जंगलों में गायब हो गए. पुलिस ने जब लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के 22 कट्टों में भरा हुआ करीब 421 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए आंकी जा रही है.

जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी, गोगुंदा में भी हुई बड़ी कार्रवाई

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए रणकपुर के जंगलों में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. सायरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और पुलिस पर जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *