उदयपुर शहर के व्यस्ततम धानमंडी थाना क्षेत्र के भोपालवाड़ी इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहाँ एक ज्वेलरी शॉप पर दो शातिर महिलाओं ने दुकानदार की आँखों में धूल झोंकते हुए असली सोने की चेन को नकली चेन से बदल दिया और बड़ी सफाई से फरार हो गईं. यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
बातचीत में उलझाया और कर दी ‘हाथ की सफाई’
जानकारी के अनुसार, भोपालवाड़ी स्थित ‘कंचन आभूषण’ नामक दुकान पर अपराह्न करीब 4:30 बजे दो महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं. उन्होंने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने का आग्रह किया. दुकानदार जब उन्हें गहने दिखा रहा था, तभी एक महिला ने उसे बातों में उलझाकर उसका ध्यान भटका दिया.
इसी दौरान, दूसरी महिला ने पलक झपकते ही असली सोने की चेन उठाई और उसकी जगह पहले से साथ लाई गई नकली चेन रख दी. वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि दुकानदार को मौके पर भनक तक नहीं लगी और दोनों महिलाएं कुछ ही देर में खरीदारी न करने का बहाना बनाकर दुकान से बाहर निकल गईं.
सीसीटीवी फुटेज में खुला राज
महिलाओं के जाने के कुछ देर बाद दुकानदार को शक हुआ. जब उसने चेन की बारीकी से जांच की, तो उसके होश उड़ गए; असली सोने की चेन की जगह पीतल की नकली चेन रखी हुई थी. तुरंत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों महिलाएं वारदात को अंजाम देते हुए स्पष्ट रूप से नजर आ रही हैं.
अन्य दुकानों पर भी दी थी दबिश
क्षेत्र के व्यापारियों ने बताया कि ये दोनों महिलाएं ‘कंचन आभूषण’ पर पहुँचने से पहले बाजार की अन्य कई दुकानों पर भी गई थीं. संभवतः वे किसी बड़े हाथ की फिराक में थीं, लेकिन अन्य जगहों पर मौका न मिलने के कारण वे वहाँ सफल नहीं हो सकीं. व्यापारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी गई है.

