Headlines

उदयपुर: खुशियों के बीच मातम, शादी समारोह में व्यस्त था परिवार और दिनदहाड़े घर साफ कर गए चोर

उदयपुर जिले के कुराबड़ थाना क्षेत्र के बंबोरा गांव में सोमवार को चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए मात्र आधे घंटे के भीतर लाखों के जेवर और नकदी पार कर दी. यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित परिवार घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक शादी समारोह में व्यस्त था.

मात्र 30 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, घटना बंबोरा के गायरियों के मोहल्ले की है. पीड़ित राजू गायरी, जो वर्तमान में मुंबई में मजदूरी करते हैं, उनके घर पर यह चोरी हुई. सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे राजू की माँ और पत्नी मोहल्ले में ही अपने भाई शंकर गायरी की बेटी के ‘लग्न’ (शादी की रस्म) कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं. चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और सुबह 10:30 से 11:00 बजे के बीच घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया.

आधा किलो चांदी और सोने के जेवर पार

चोरों ने घर के अंदर के कमरे का ताला भी तोड़ दिया और अलमारी में रखे करीब आधा किलो चांदी के जेवर (जिसमें पैरों के कड़े और गले के आभूषण शामिल हैं), एक तोला सोने के आभूषण और 5 हजार रुपए की नकदी समेट कर फरार हो गए. जब परिवार कार्यक्रम से वापस लौटा, तो घर के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए.

सीसीटीवी की कमी बनी चुनौती, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कुराबड़ थाना पुलिस मौके पर पहुँची. थानाधिकारी तेजूसिंह ने बताया कि चोरों ने बहुत ही कम समय में इस वारदात को अंजाम दिया है, जिससे अंदेशा है कि वे परिवार की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, हालांकि पुलिस आसपास की दुकानों और मुख्य रास्तों पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. दिनदहाड़े हुई इस चोरी से बंबोरा क्षेत्र के ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *