Headlines

डूंगरपुर: पत्नी के पीहर जाने से आहत 3 बच्चों के पिता ने नीम के पेड़ से लगाई फांसी

डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के पोहरी पटेलन गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक 35 वर्षीय युवक ने घरेलू विवाद और पत्नी के पीहर चले जाने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. युवक का शव शुक्रवार सुबह घर के पास ही एक नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

15 दिन पहले बच्चों को छोड़ गई थी पत्नी

चौरासी थाने के एएसआई ईश्वरलाल ने बताया कि मृतक की माँ लक्ष्मी डामोर ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक डामोर (35) की शादी करीब 11-12 साल पहले पायल के साथ हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं. पिछले कुछ समय से दंपती के बीच घरेलू कलह चल रही थी. करीब 15 दिन पहले विवाद इतना बढ़ा कि पायल अपने तीनों बच्चों को घर पर ही छोड़कर मायके चली गई. पत्नी के जाने के बाद से ही प्रतीक मानसिक तनाव में रहने लगा था.

बच्चों के साथ खाया आखिरी खाना

परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात को सब कुछ सामान्य दिख रहा था. प्रतीक ने अपने बच्चों के साथ बैठकर खाना खाया और फिर सोने के लिए अपने कमरे में चला गया. बच्चे उस रात अपने दादा-दादी के पास सो गए थे. किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि प्रतीक ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा. शुक्रवार सुबह जब घर वाले जागे, तो प्रतीक का शव घर के पास नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के सटीक कारणों की गहनता से जांच कर रही है. युवक की मौत के बाद उसके तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *