Headlines

ऐतिहासिक पल: राजस्थान बोर्ड 12वीं का परिणाम घोषित, आजादी के बाद पहली बार मार्च में आया रिजल्ट; छात्राओं ने फिर गाड़े झंडे

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार को 12वीं कक्षा के सभी संकायों (विज्ञान, कला, वाणिज्य और वरिष्ठ उपाध्याय) का परीक्षा परिणाम जारी कर एक नया इतिहास रच दिया ह. प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री श्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सभागार से कंप्यूटर का बटन दबाकर वर्चुअली परिणाम घोषित किए. इस बार कुल समेकित परिणाम 96.45 प्रतिशत रहा है.

मार्च में परिणाम: एक ऐतिहासिक उपलब्धि

परिणाम जारी करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि आजादी के बाद यह पहला अवसर है जब बोर्ड ने मार्च महीने में ही 12वीं के सभी संकायों का रिजल्ट जारी किया है. उन्होंने इसे शिक्षकों और विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम का परिणाम बताया. गौरतलब है कि इस बार 10वीं का परिणाम भी 24 मार्च को ही जारी कर दिया गया था.

बेटियों का दबदबा बरकरार, कॉमर्स में छात्र अव्वल

इस वर्ष भी परीक्षा परिणामों में छात्राओं ने अपना परचम लहराया है:

  • विज्ञान वर्ग: कुल परिणाम 97.52% रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 98.34% रहा, जबकि छात्र 97.02% पर रहे.
  • कला वर्ग: कुल परिणाम 97.54% रहा। यहाँ भी छात्राएं (98.29%) छात्रों (96.68%) से आगे रहीं.
  • वाणिज्य वर्ग: इस संकाय में छात्रों ने बाजी मारी। कुल परिणाम 93.64% रहा, जिसमें छात्रों का प्रतिशत 94.04% रहा.
  • वरिष्ठ उपाध्याय: इसका परिणाम 97.20% रहा, जिसमें छात्राओं ने 97.77% के साथ बाजी मारी.

शिक्षा जगत में बड़े बदलाव: 1 अप्रैल से नया सत्र

मंत्री दिलावर ने घोषणा की कि नवीन शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल से शुरू होगा, जिससे कार्यदिवस 235 से बढ़कर 244 हो जाएंगे. उन्होंने विद्यार्थियों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं:

  1. री-चेकिंग सुविधा: अब गणित के साथ-साथ विज्ञान और अंग्रेजी विषयों में भी री-चेकिंग हो सकेगी.
  2. साल में दो बार परीक्षा: आगामी सत्र से विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, जिससे तनाव कम होगा.
  3. मोबाइल पर पाबंदी: क्लास के दौरान शिक्षकों के मोबाइल उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया है.
  4. सैनिक और वेद विद्यालय: बीकानेर और सीकर में इसी सत्र से सैनिक स्कूल और संभाग स्तर पर वेद विद्यालय शुरू होंगे.

रिजल्ट जारी करने के बाद शिक्षा मंत्री ने टॉपर्स से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *